जलालपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय भेज दिया। आरोपी पर एक 18 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर भगाने का गंभीर आरोप है।
मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां बीते 2 मई को आरोपी नंदन पुत्र कृष्णा, निवासी रामगढ़ नारायणपुर, ननिहाल में रह रही एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। इस घटना के तीन दिन बाद, यानी 5 मई को युवती की मां ने जैतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। जैतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वंदना अग्रहरि ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस टीम ने आरोपी नंदन को रामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव और हरिश्याम सरोज शामिल रहे।