अंबेडकर नगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक डीएम कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आने वाले दिनों में बढ़ने वाले कोहरे को देखते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, आरटीओ और नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नेशनल हाईवे 233, 135 और 128 सहित सभी स्टेट हाईवे पर किसी भी वाहन को किनारे खड़ा न होने दिया जाए। कोहरे के समय स्कूल वाहनों, छात्रों और आमजन की सुरक्षा को देखते हुए ट्रक व भारी वाहनों को केवल निर्धारित ट्रक लेन में ही खड़ा करने पर जोर दिया गया।
गन्ना सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी गन्ना ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगाने को अनिवार्य करते हुए कहा कि रात और कोहरे के दौरान दृश्यता बढ़ाकर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम किया जाए। बैठक में बताया गया कि गौहन्ना चौराहे पर मोड़ का साइनबोर्ड और रम्बर स्ट्रिप लगा दिया गया है। इस पर डीएम ने चौराहे पर मिरर लगाने और रम्बर स्ट्रिप की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने एआरटीओ को परिवर्तन संबंधी कार्यवाही में तेजी लाने व सड़क दुर्घटनाओं में कमी के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा जताई कि कोहरे के मौसम में सामूहिक समन्वय और त्वरित कार्रवाई से जिले में सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एआरटीओ, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।