अयोध्या। तहसील रूदौली के सभागार में विधायक रामचंद्र यादव, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा० गौरव ग्रोवर की मौजूदगी में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक फरियादी की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न शिकायतों पर कार्रवाई की गई। ग्राम पंचायत पारा पहाड़पुर रूदौली के शिकायतकर्ता ने आवासीय पट्टा पर बाधा डालने की शिकायत की, जिस पर तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत चन्द्रामऊ बैरम, विकासखण्ड मवई के शिकायतकर्ता ने रास्ते में खड़ंजा लगवाए जाने की बात कही, जिस पर बीडीओ मवई को जांच करने का आदेश दिया गया। ग्राम पुरांय, विकासखण्ड रूदौली के शिकायतकर्ता ने अवैध कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई की मांग की, जिस पर उपजिलाधिकारी को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने दिव्यांग नागरिकों के लिए प्रमाण पत्र वितरण की भी प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया और समाधान दिवस में 10 लाभार्थियों को घरौनी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कुल 294 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्रमुख शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, जल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन और पेंशन से संबंधित थीं। संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में जिला विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी रूदौली, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत देवराकोट भरथूपुर में प्रगतिशील किसान केदारनाथ मौर्या के खेतों का निरीक्षण किया और केले, परवल, गन्ना और धान की खेती की जानकारी ली।