जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह छाया की व्यवस्था की गई है। पेयजल व शौचालय के भी इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि गर्मी और हीट स्ट्रोक को ध्यान में रखते हुए छाया और पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी अस्पतालों में 10-10 बेड विशेष रूप से आरक्षित करा दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर में विश्राम स्थल और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। ओआरएस के पाउच का भी वितरण कराया गया है। मंदिर परिसर व चौकी और थानों पर भी ओआरएस के पैकेट बटवाये गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई प्राण प्रतिष्ठा के अलावा पुष्प वाटिका में पौधरोपण, ट्रस्ट अध्यक्ष के जन्मोत्सव व सरयू महोत्सव में भी शामिल होंगे।
एसएसपी गौरव ग्रोवर ने बताया कि आगामी कार्यक्रम को लेकर डीएम के साथ कई बार स्थलीय निरीक्षण किया गया है। लगातार जारी भी है। हमारे लिए वीआईपी के अलावा सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। सभी सुरक्षा उपकरणों के साथ हमारे जवान तैनात किए जाएंगे। मंदिर हो या फिर बाहर हर जगह सुरक्षा के ज़बरदस्त इंतजाम किए गए हैं। एटीएस और एसटीएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं ताकि समारोह निर्विघ्न संपन्न हो।