Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासरकारी स्कूल को दें प्राथमिकता, बचाएं अनावश्यक खर्च: देवई में निकली जागरूकता...

सरकारी स्कूल को दें प्राथमिकता, बचाएं अनावश्यक खर्च: देवई में निकली जागरूकता रैली


स्मार्ट क्लास और अंग्रेजी माध्यम से सुसज्जित है गांव का प्राथमिक विद्यालय


अयोध्या। विकास खंड सोहावल की ग्राम सभा देवई में शुक्रवार को अभिभावक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली गांव के प्राथमिक विद्यालय और देवग्राम परिवार के संयुक्त प्रयास से निकाली गई, जिसका उद्देश्य अभिभावकों को प्राइवेट स्कूलों में होने वाले अनावश्यक खर्च से बचाकर सरकारी विद्यालयों की ओर आकर्षित करना था।

कार्यक्रम के संयोजक व सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि देवई का प्राथमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां योग्य शिक्षक नियुक्त हैं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों में दाखिले के चलते अभिभावकों को फीस, किताबें, ड्रेस और परिवहन जैसे खर्चों का अतिरिक्त बोझ उठाना पड़ता है, जबकि सरकारी स्कूलों में ये सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि अभिभावक सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था में विश्वास जताएं और सक्रिय भागीदारी निभाएं, तो विद्यालय की स्थिति और बेहतर हो सकती है और शिक्षा का स्तर ऊंचा उठेगा।

रैली में विद्यार्थियों ने शिक्षा जागरूकता से जुड़े नारे लगाए और गांववासियों को सरकारी विद्यालय की सुविधाओं की जानकारी दी। रैली में प्रधानाध्यापिका मंजू वर्मा, दीपिका चतुर्वेदी, शेफाली श्रीवास्तव, मीरा, कमाल अहमद, बृजेश कुमार, गुलनाज बानो, रीता तिवारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पल्लवी त्रिपाठी ने सहभागिता निभाई।

गांव के विभिन्न मोहल्लों में रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों को जलपान कराया और इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रजपता देवी, पूर्व प्रधान समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। आयोजकों का मानना है कि यदि हर गांव में इस तरह की पहल हो और सरकारी विद्यालयों को सामूहिक समर्थन मिले, तो सरकार की शिक्षा संबंधी योजनाएं और अधिक प्रभावशाली रूप में सामने आएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments