◆ सपा नेता है मुख्य आरोपी, 6.5 लाख कैश व ज्वैलरी बरामद
अयोध्या। पूराकलन्दर थाना पुलिस ने डकैती और लूट की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का मुख्य आरोपी समाजवादी पार्टी से जिला पंचायत सदस्य है। इनके कब्जे से 6.5 लाख नगद, एक सोने की चेन, तीन लग्जरी वाहन बरामद हुआ है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मुख्य आरोपी की पत्नी भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी खुद को प्रॉपर्टी डीलर, निवेश एजेंट बताकर व नकली नोटों को झांसा देकर लोगों को ठगते थे। रुपये लौटाने की बात पर धमकी और मारपीट करते थे। रायबरेली रोड पर निर्माणाधीन रिंग रोड के पास नहर मार्ग से इन्हें अरेस्ट किया।
4 अगस्त को कन्नौज निवासी युवक ने पूराकलन्दर थाने में शिकायत की थी कि आरोपियों ने प्रॉपर्टी में निवेश कराने के नाम पर उससे 30 लाख की ठगी की और रुपये मांगने पर गाली-गलौज, मारपीट कर उसकी चैन व पर्स छीन लिया। 6 अगस्त को एक अन्य युवक ने आरोपियों पर पैसे दोगुना करने के नाम पर 15 लाख की लूट और धमकाने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में थाना पूराकलन्दर में केस दर्ज किया। मामले में पुलिस टीम द्वारा 8 अभियुक्तों को अरेस्ट किया। अरेस्ट आरोपियों में राजा मान सिंह उर्फ मान सिंह, दुष्यंत सिंह उर्फ राजा सिंह, अनूप सिंह, अंजनी सिंह-बाराबंकी, गौरव सिंह, अमरेश गोस्वामी, उत्कर्ष तिवारी, नीतू सिंह, शामिल हैं। इनके पास से 6 लाख पचास हजार रूपये व ज्वैलरी की बरामदगी हुई है। घटना में प्रयुक्त तीन वाहन भी पुलिस ने पकडे हैं।
एसएसपी डा गौरव ग्रोवर गैंग के सदस्यों की अपराध से अर्जित की गई सम्पत्ति की जांच कराई जाएगी। मामले में गैंगेस्टर एक्ट, व आरोपियों की सम्पत्ति कुर्की की कार्रवाही जाएगी।
कई अभियुक्तों पर पहले से भी मुकदमें
मुख्य अभियुक्त राजा मान सिंह के खिलाफ दर्जनभर से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, ठगी, धमकी, धोखाधड़ी, महामारी एक्ट उल्लंघन और एससी-एसटी एक्ट शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों पर भी विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमे चल रहे हैं।