अयोध्या। कैंटोनमेंट प्रशासन द्वारा बीते दिनों लाल कुर्ती मार्ग, मीरनघाट मार्ग तथा मरीमाता मार्ग को सुरक्षा कारणों से अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था। इसके साथ ही सदर बाजार में सैनिकों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था। जिससे सदर बाजार के व्यापारियों पर बड़ा असर पड़ रहा था। रास्तों पर प्रतिबंधों से आमजन को काफी असुविधा हो रही थी। स्थानीय लोगों ने इस विषय में पूर्व सांसद लल्लू सिंह से संपर्क कर प्रतिबंधों को हटाने की मांग की थी। लल्लू सिंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिल्ली में मुलाकात कर प्रतिबंधों को हटाने हेतु पत्र सौंपा और जनता की पीड़ा से अवगत कराया। उनकी पहल का असर हुआ और अब कैंटोनमेंट प्रशासन ने मार्गों से प्रतिबंध हटा दिए हैं। इससे लोगों में प्रसन्नता का माहौल है।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि जनता की सुविधा और सुरक्षा दोनों जरूरी हैं। कैंट क्षेत्र के प्रतिबंधों से स्थानीय लोगों को बड़ी असुविधा हो रही थी। रक्षा मंत्री से मिलकर समाधान का अनुरोध किया गया। प्रतिबंध हटने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय नागरिकों ने पूर्व सांसद के प्रति आभार व्यक्त किया।