अयोध्या। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहर तक 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी से लेकर निजी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया गया।
अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद के पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया। सुल्तानपुर रोड पर अवध विश्वविद्यालय के सामने स्थित राजपूत पेट्रोल पंप पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और प्रतिष्ठान पर लड्डू वितरित किए। आरबीएस होटल में नगर उपाध्यक्ष अनिल सिंह ने झंडा फहराया। इस अवसर पर राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यह पर्व हमारे अमर शहीदों के त्याग और बलिदान की स्मृति है। प्रदेश सचिव सूर्यभान सिंह ने देश के प्रति निष्ठावान रहने का संदेश दिया, जबकि जिलाध्यक्ष अम्बरीष सिंह ने कहा कि आजादी अनेक संघर्षों के बाद मिली है, इसलिए हमें देश को विश्व में सर्वोच्च स्थान दिलाने का संकल्प लेना चाहिए।
रीडगंज स्थित मंडल कार्यालय पीएनबी बैंक में मंडल प्रमुख अवधेश तिवारी और देवकाली स्थित अंचल कार्यालय यूको बैंक में अंचल प्रमुख प्रियंका यादव ने ध्वजारोहण किया। अमोना स्थित माधव सर्वोदय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य धर्मेंद्र पाठक ने झंडा फहराया और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
नाका स्थित महादेव पब्लिक स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य रूप से मनाया गया। संस्थापक ओम प्रकाश लाल श्रीवास्तव ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया, जबकि रेनू श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विशेष अतिथि के रूप में उत्तराखंड के डिप्टी डीआईओएस रामदत्त तिवारी और कवि शिवांशु श्रीवास्तव ने बच्चों को आशीर्वचन दिए।
समापन पर प्रबंध निदेशक आशीष श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता दिवस की महत्ता बताते हुए पूर्वजों के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।