Sunday, March 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरयुवती की मौत के पांच दिन बाद युवक का शव पेड़ से...

युवती की मौत के पांच दिन बाद युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

आलापुर अंबेडकरनगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में प्रेमी–प्रेमिका की संदिग्ध मौतों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बीते 20 दिसंबर को ग्राम चोरमरा पदुमपुर नसीरुद्दीन पट्टी निवासी स्नेहा विश्वकर्मा का शव घर से लगभग 100 मीटर दूर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इस मामले में पुलिस छानबीन कर ही रही थी कि घटना के पांचवें दिन ग्राम खरवइया निवासी युवक सौरभ गोंड का शव आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदना में पेड़ से लटकता हुआ मिला।
स्नेहा का शव जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के पास पाया गया था। मामले में सौरभ गोंड की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही थी। इसी बीच बुधवार सुबह सौरभ का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची अतरौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आजमगढ़ भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को सुपुर्द करने के लिए राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक शव परिजनों को नहीं सौंपा जा सका था।
सौरभ का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि स्नेहा के शव मिलने के बाद पूछताछ के लिए थाने ले जाए जाने पर सौरभ की मां मालती देवी और बहन अंशू उर्फ अंतिमा के साथ थाने में तैनात एक दरोगा द्वारा मारपीट की गई। परिजनों ने अपने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए पुलिसिया उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
इधर, सौरभ की मौत को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस पेड़ पर शव लटका मिला, वह काफी ऊंचा और सीधा बताया जा रहा है। सौरभ के पैरों में बूट, चेहरे पर मास्क, सिर पर टोपी और पूरे कपड़े सही हालत में पाए गए, जिससे लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि बूट पहनकर इतनी ऊंचाई पर चढ़ना और बिना किसी हलचल के फंदा लगाना संदेह पैदा करता है।
फिलहाल पुलिस इसे आत्महत्या या हत्या, दोनों ही कोणों से जांच कर रही है। प्रेमी–प्रेमिका की मौतों के पीछे किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर क्षेत्राधिकारी आलापुर, थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर अक्षय कुमार पटेल, थानाध्यक्ष अतरौलिया अजय प्रताप यादव, थानाध्यक्ष आलापुर, तहसीलदार आलापुर सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments