जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के उधव पट्टी गांव में बीते शनिवार की रात एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से गोली चला दी गई। गोली युवक के दाहिने पैर की जांघ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद सहित तीन के विरुद्ध प्राणघातक हमला व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित धीरज कुमार मिश्रा पुत्र जटाशंकर मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह शनिवार देर शाम अपने घर पर लेटा हुआ था। इस दौरान उसकी मां तारा देवी भी पास ही मौजूद थीं। तभी हिमांशु यादव नामक युवक दो अज्ञात साथियों के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और अचानक उसके घर के करकट की थूनी को लात मारकर तोड़ दिया। धीरज ने बताया कि विपक्षियों के इरादे को भांपते हुए वह जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन तभी हिमांशु ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली उसकी दाहिनी जांघ में लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पीड़ित का इलाज चलने के बाद रविवार को उसने जैतपुर थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हिमांशु यादव और दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में जैतपुर थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।