अयोध्या। रमज़ान के मुबारक महीने में शहर के रीडगंज स्थित पानी टंकी के सामने वाली गली में 19वें रोज़े के मौके पर इफ्तार दावत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बडी संख्या में रोज़ेदारों ने शिरकत कर सामूहिक रूप से इफ्तार किया।
इफ्तार दावत का आयोजन हेवन पार्लर के प्रोपराइटर मोहम्मद तारिक और स्थानीय मोहल्लेवासियों के सहयोग से किया गया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोज़ेदार एकत्रित हुए और सभी ने एक साथ इफ्तार कर रमज़ान की बरकतों को साझा किया। आयोजकों ने बताया कि इस पाक अवसर पर हजारों से अधिक रोज़ेदारों ने इफ्तार में हिस्सा लिया और मुल्क में अमन, चैन और आपसी भाईचारा कायम रहने के लिए अल्लाह ताला से खास दुआएं मांगीं।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद रोज़ेदारों ने वैश्विक हालात पर भी चर्चा की और ईरान, अमेरिका और इजरायल से जुड़े तनावपूर्ण हालात पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने दुनिया में शांति और भाईचारे की कामना की।
इफ्तार कार्यक्रम में रेहान सिद्दीकी, राजा, चांद, अशफाक अली और शोएब हाशमी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग भी शामिल हुए और इस नेक पहल की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के सामूहिक इफ्तार कार्यक्रम समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देते हैं। रमज़ान के पवित्र महीने में ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का कार्य करते हैं।