अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से आए प्रगतिशील किसानों ने खेती-किसानी से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में अमानीगंज क्षेत्र के एक किसान ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत की। इस पर उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसान के नाम दो पंजीकरण हैं, जिनमें से एक पर आठ किस्तें जारी हो चुकी हैं। पहले पंजीकरण पर आई धनराशि लौटाने के बाद ही दूसरी किस्त जारी हो सकेगी। बंद पड़े नलकूपों की समस्या पर डीएम ने सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि सभी नलकूपों की मरम्मत कराकर उन्हें जल्द से जल्द चालू किया जाए। विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, कृषि, उद्यान, गन्ना, विद्युत, नलकूप, सिंचाई व अन्य विभागों के अधिकारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। किसान दिवस संवाद और समाधान का सशक्त मंच बनता दिखा।