अयोध्या। फैजाबाद बार एसोसिएशन अयोध्या के वर्ष 2025-26 के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महामंत्री पद के प्रत्याशी अधिवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने अधिवक्ताओं से जनसंपर्क कर नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद किया।
जनसंपर्क के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने अधिवक्ता हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें महा मंत्री पद का दायित्व सौंपा जाता है तो वे अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। उन्होंने बार में हड़ताल की स्थिति से बचने और संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वे बार लाइब्रेरी के विस्तार के लिए प्रयास करेंगे, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर अध्ययन सुविधा मिल सके। साथ ही नए और जूनियर अधिवक्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर आवश्यक फंड की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जूनियर अधिवक्ताओं को कार्य करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, जिससे वे अपने पेशे में आगे बढ़ सकें। बार एसोसिएशन में विकास कार्यों को गति देने और अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
जनसंपर्क के दौरान अधिवक्ताओं ने भी अपने सुझाव और समस्याएं रखीं, जिन पर प्रत्याशी ने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।