Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याब्लैकआउट मॉक ड्रिल में परखी गई आपात तैयारियां, मिनटों में दिखा रेस्क्यू...

ब्लैकआउट मॉक ड्रिल में परखी गई आपात तैयारियां, मिनटों में दिखा रेस्क्यू सिस्टम का तालमेल


अयोध्या। शुक्रवार की शाम सिविल लाइन स्थित पोस्ट ऑफिस तिराहा अचानक एक अलग ही दृश्य का साक्षी बना। जहां आमतौर पर वाहनों की आवाजाही और रोशनी रहती है, वहां कुछ ही पलों में सन्नाटा और अंधकार छा गया। सड़क पर घायल पड़े लोग, दौड़ते हुए राहतकर्मी और गूंजता सायरन—यह सब किसी वास्तविक दुर्घटना का नहीं, बल्कि प्रशासन द्वारा आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का हिस्सा था।



शाम 5 बजकर 57 मिनट पर पुलिस ने तिराहे की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर वाहनों को रोक दिया। अचानक लगे इस ब्रेक से लोग चौंक गए और आसपास की गतिविधियों को देखने लगे। कुछ ही क्षण बाद ठीक छह बजे अग्निशमन विभाग द्वारा सायरन बजाया गया। सायरन की आवाज के साथ ही छह बजकर एक मिनट पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया और माहौल गंभीर हो गया।



इसके तुरंत बाद छह बजकर दो मिनट पर पोस्ट ऑफिस से कचहरी मार्ग पर डिवाइडर के दोनों ओर घायल होने का अभिनय कर रहे लोग सड़क पर लेट गए। कोई दर्द से कराहता दिखा तो कोई पूरी तरह निश्चेष्ट पड़ा था। कुछ ही देर में सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ के जवान स्ट्रेचर के साथ मौके पर पहुंचे। चिकित्सकीय टीम ने भी तत्काल घायलों की स्थिति का आकलन किया। तेज और सुनियोजित कार्रवाई के तहत सभी घायलों को कुछ ही मिनटों में एंबुलेंस में बैठाकर अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।



इसी दौरान तिराहे के समीप कृत्रिम रूप से आग लगाई गई। आग की लपटें उठते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने बिना देर किए आग पर नियंत्रण पा लिया। लगभग दस मिनट में पूरी आपात अभ्यास प्रक्रिया पूरी कर ली गई।



छह बजकर 12 मिनट पर दोबारा सायरन गूंजा, जिसके साथ ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। रोशनी लौटते ही यातायात को फिर से शुरू कर दिया गया और चौराहा सामान्य स्थिति में आ गया। इस मॉक ड्रिल के जरिए प्रशासन ने यह संदेश दिया कि किसी भी आपात या युद्ध जैसी स्थिति से निपटने के लिए तंत्र पूरी तरह तैयार और सतर्क है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments