जलालपुर अंबेडकर नगर। दीपावली पर्व को देखते हुए इस वर्ष नगर में पटाखा बाजार की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने निर्णय लिया है कि इस बार पटाखों की दुकानें रामलीला मैदान में नहीं, बल्कि नरेंद्र देव इंटर कॉलेज मैदान में लगाई जाएंगी।
इस संबंध में शुक्रवार को कोतवाली जलालपुर में उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता की अध्यक्षता में पटाखा विक्रेताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सुरक्षा कारणों और सार्वजनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी अस्थायी पटाखा दुकानें अब इंटर कॉलेज मैदान में लगाई जाएंगी।
उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखा की दुकान लगाने वाले प्रत्येक विक्रेता को एसडीएम कार्यालय, कोतवाली और फायर विभाग से अनुमति व लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया कि दुकान पर बालू और पानी से भरी बाल्टी, साथ ही फायर सिलेंडर जैसी आवश्यक सुरक्षा सामग्री रखना सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार, वरिष्ठ लिपिक रामप्रकाश पांडे, देवेश मिश्रा, आशीष सोनी, अमित सोनकर सहित कई अधिकारी एवं पटाखा व्यवसायी मौजूद रहे।