Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को किया...

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर वाहन चालकों को किया गया जागरूक, 29 वाहनों का चालान

0
5

अम्बेडकरनगर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रदेश सरकार के निर्देश पर एक से 31 जनवरी तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित किया गया।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दोस्तपुर टोल प्लाजा के पास परिवहन एवं प्रवर्तन विभाग की टीम ने व्यवसायिक वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों को रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप, बैक लाइट व फॉग लाइट मानक के अनुरूप लगाने को लेकर जागरूक किया। इस दौरान वाहन चालकों को पम्पलेट वितरित कर कोहरे में सुरक्षित वाहन संचालन के आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने चालकों को कोहरे के समय धीमी गति से वाहन चलाने, लेन ड्राइविंग का पालन करने, ओवरस्पीडिंग और ओवरटेक न करने की हिदायत दी। साथ ही खराब वाहनों को सड़क के बीच खड़ा न करने तथा सड़क किनारे पार्किंग में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। चालकों को वाहन की खिड़की का शीशा थोड़ा खुला रखने और सामने से आने वाले वाहनों पर नजर बनाए रखने की सलाह भी दी गई।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 29 वाहनों का चालान किया गया, जबकि तीन वाहनों को निरुद्ध किया गया। जिन वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगे पाए गए, उन पर मौके पर ही टेप लगवाए गए। अधिकारियों ने कृषक भाइयों से भी अपील की कि वे ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे लाल रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अवश्य लगवाएं तथा ओवरलोड वाहनों का संचालन किसी भी दशा में न करें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here