Saturday, March 14, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरदरोगा बनने का सपना अधूरा: सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक...

दरोगा बनने का सपना अधूरा: सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांवों में मचा कोहराम


आलापुर, अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र राजेसुल्तानपुर के ग्राम सिरसिया ओझा नगर के पास शुक्रवार रात करीब नौ बजे हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। दरोगा बनने का सपना संजोए दो होनहार युवकों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार भदया गांव निवासी 22 वर्षीय नितिन कन्नौजिया पुत्र वीरेंद्र कन्नौजिया और आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा जदीद गांव निवासी 21 वर्षीय मुकुल प्रजापति पुत्र श्रीराम शुक्रवार रात मोटरसाइकिल से पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। दोनों युवक एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, एक दिन बाद उन्हें परीक्षा देने जाना था।

बताया जाता है कि सिरसिया ओझा नगर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना प्रभारी अक्षय कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह दुखद खबर गांव पहुंची, दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।

परिजनों का कहना है कि दोनों युवक मेहनत और लगन से पढ़ाई कर रहे थे और दरोगा बनकर परिवार का सहारा बनने का सपना देख रहे थे, लेकिन एक पल की दुर्घटना ने उनके सभी सपनों को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने डायल 112 वाहन को जिम्मेदार ठहराते हुए राजेसुल्तानपुर चौक पर जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सूचना पर कई थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर तैनात कर दी गई। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव, एसडीएम आलापुर और तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस हादसे ने न सिर्फ दो घरों के चिराग बुझा दिए, बल्कि पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। दरोगा बनने का सपना देख रहे दो युवकों की असमय मौत से हर आंख नम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments