अंबेडकरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2026 के लिए गतिशील निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को जनपद में व्यापक स्तर पर गति दी जा रही है। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 के आधार पर चार नवम्बर से चार दिसम्बर 2025 तक बीएलओ द्वारा घर–घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है तथा वर्तमान में मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य प्रगति पर है। पुनरीक्षण के इस महत्वपूर्ण दायित्व को सुचारू रूप से संपादित कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में विकासखंडवार समीक्षा बैठकों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में विकासखंड अकबरपुर एवं टांडा के ग्राम स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का वीडियो प्रदर्शन कर उपस्थित कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी टीम भावना के साथ बीएलओ का सहयोग करें तथा समयबद्ध रूप से घर–घर जाकर प्रपत्र प्राप्त करने और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने देव इंद्रावती पीजी कॉलेज कटेहरी, एन.डी. इंटर कॉलेज जलालपुर तथा मां फूलपत्ती देवी महाविद्यालय भियांव में क्रमशः कटेहरी, जलालपुर एवं भियांव विकासखंड के अधिकारियों, शिक्षकों, प्रधानों, कोटेदारों, पंचायत सहायकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर आवश्यक दिशा–निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जनपद में शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे