Saturday, March 7, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामोहर्रम में शांति व व्यवस्था को लेकर डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा बैठक

मोहर्रम में शांति व व्यवस्था को लेकर डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा बैठक


◆ परम्परागत तरीके से पर्व मनाने की अपील, जुलूस मार्गों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश


अयोध्या। मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। चंद्रदर्शन के अनुसार 26/27 जून से प्रारंभ होकर 06/07 जुलाई तक मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और परंपरागत तरीके से मनाने हेतु जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं संबंधित समुदाय के गणमान्य नागरिकों और समिति पदाधिकारियों के साथ त्यौहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अयोध्या की गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा को बरकरार रखते हुए मोहर्रम पर्व को आपसी तालमेल और भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था, बिजली, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व पर किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी। सभी जुलूस परंपरागत मार्गों से ही गुजरेंगे। उप जिलाधिकारी व अधिशासी अधिकारी स्वयं जुलूस मार्गों का निरीक्षण करें। मार्गों पर बिजली के तार, खंभे, गड्ढों आदि को ठीक करवा लिया जाए। पंचायत राज विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि त्योहार से पूर्व अपने-अपने क्षेत्रों में समितियों के साथ बैठक कर पूर्ण तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत निर्धारित रूट का ही पालन किया जाए और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। बैठक में मौजूद नागरिकों और समिति सदस्यों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि जनपद में सदैव की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से, परंपराओं का पालन करते हुए मनाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, एडीएम प्रशासन, एडीएम नगर, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारीगण, विद्युत, लोक निर्माण, नगर निकाय, पंचायती राज विभाग के अधिकारी सहित संबंधित समुदाय के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments