अम्बेडकर नगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को गति देते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने रविवार को विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर बीएलओ द्वारा मतदाताओं को वितरित किए जा रहे गणना प्रपत्र की स्थिति का भौतिक सत्यापन किया।
डीएम ने तहसील अकबरपुर क्षेत्र के ग्राम वर्धा भियूरा में पहुंचकर स्वयं मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किया और उनसे जानकारी ली कि क्या उन्हें पूर्व में यह प्रपत्र प्राप्त हुआ है या नहीं। उन्होंने मौके पर मौजूद तहसीलदार से वितरण प्रगति की अद्यतन स्थिति भी जानी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर चार दिसंबर तक प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिहीन बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दैनिक प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए और जहां आवश्यक हो, अतिरिक्त बीएलओ की तैनाती सुनिश्चित की जाए।