अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने शुक्रवार देर रात पंचकोसी और चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने उदया तिराहा से निरीक्षण शुरू कर झुनकी घाट, हनुमान गुफा, परमा एकेडमी होते हुए हलकारा का पुरवा तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गैस गोदाम स्थित कांशीराम कॉलोनी के सामने ड्रेन और डक्ट का शेष कार्य एक सप्ताह में पूरा कर चौड़ीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडियन की मिट्टी भराई का काम भी अतिशीघ्र पूरा करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का कार्य सितंबर 2025 तक पूरा कर लिया जाए और दीपोत्सव से पूर्व मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाना चाहिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग का भी स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। जल निगम और लोक निर्माण विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम को सीवर लाइन, वाटर सप्लाई लाइन और मैनहोल के अधूरे कार्य जल्द समाप्त करने को कहा, ताकि लोक निर्माण विभाग समय पर सड़क निर्माण पूरा कर सके।
डीएम ने कहा कि परिक्रमा मार्ग का निर्माण कार्य मानक और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अक्टूबर 2025 में प्रस्तावित दीपोत्सव और पंचकोसी व चौदह कोसी परिक्रमा मेलों से पूर्व सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।