अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार द्वारा अयोध्या के निर्माणाधीन विभिन्न पथों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। कार्य की प्रगति व मार्गो की विशिष्टियों का जायजा लिया। श्रीराम जन्मभूमि पथ के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रीराम जन्मभूमि पथ पर सुग्रीव किला के पास निर्माणाधीन प्रवेश द्वार व श्रद्धालुओं हेतु बनाये जा रहे कैएनओपी के कार्य का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि प्रवेश द्वार व कैनोपी का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कई शिफ्टों में कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिये।

जन्मभूमि पथ पर दोनों तरफ चाहर दीवारी पर जीआरसी के द्वारा उकेरी जा रही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की कलाकृतियों , अयोध्या की संस्कृति एवं वास्तुकला को प्रदर्शित करते हुए समरूपता लाने हेतु किये जा रहे कार्यो का भी जायजा लिया। सम्बंधित अधिकारियों को कार्य की विशिष्टियों एवं गुणवत्ता को सुनिश्चित कराने को कहा। कार्य में और तेजी लाने तथा समस्त कार्यो को अपेक्षित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिये।



