आलापुर, अंबेडकर नगर। विधान सभा क्षेत्र आलापुर के अंतर्गत नगर पंचायत जहांगीरगंज वार्ड नंबर 12 स्थित ग्राम जगदीशपुर में तालाब के बीच बनी आरसीसी सड़क जर्जर हाल में पहुंच गई है। जगह-जगह टूटी यह सड़क कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से पूरे गांव का आना-जाना होता है। छोटे-छोटे बच्चे भी इसी मार्ग से स्कूल जाते हैं, लेकिन सड़क की दुर्दशा से उनका सफर खतरे से भरा रहता है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर घनी झाड़ियां उग आई हैं, जिनमें जहरीले जंतुओं के छिपने का डर बना रहता है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि झाड़ियां बिजली के खंभों के तारों तक पहुंच गई हैं। कभी भी बिजली उतरने और बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत की लापरवाही और मनमानी के चलते यह समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। साफ-सफाई और देखरेख न होने का प्रमाण सड़क किनारे खड़ी विशाल झाड़ियां खुद बयां कर रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क की मरम्मत और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।