अयोध्या । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को अयोध्या में जिले भर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी से सांमाजिक समरसता, सौहार्द और सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की।
गांधी जयंती के दिन सुबह सभी कार्यालयाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों में सफाई और श्रमदान करेंगे। इसके बाद नगर क्षेत्र और सरकारी कार्यालय परिसरों में स्थापित महापुरुषों व स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। डाभासेमर स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रातः 9 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके उपरांत विभिन्न संस्थानों और विद्यालयों में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। अनुसूचित जाति की मलिन बस्तियों और कुष्ठ आश्रमों में सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसका निरीक्षण नामित अधिकारी करेंगे। साथ ही डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव हेतु शाम को फॉगिंग व चूना छिड़काव कराया जाएगा।
गांधी जयंती पर नया घाट, फटिक शिला और मोदहा खोजनपुर स्थित कुष्ठ आश्रम में रोगियों को फल और वस्त्र वितरित किए जाएंगे। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक गांधी पार्क (पुराने एसएसपी कार्यालय के सामने) में विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी। शाम को जिला कारागार में बंदियों को मिष्ठान वितरित किया जाएगा। इसके अलावा जनपद के सभी गांवों में सफाई अभियान चलेगा। विद्यालयों में “संचार युग में गांधीवाद की प्रासंगिकता” विषय पर भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।