अंबेडकर नगर। कटेहरी विधानसभा के भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अवधेश द्विवेदी के भीटी क्षेत्र स्थित आवास पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण ज्ञानयज्ञ का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पहुंचकर भंडारे में सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया।
दूबाने का पूरा गांव में 10 फरवरी से प्रारंभ हुई श्रीमद्भागवत कथा में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। अंतिम दिन आयोजित विशाल भंडारे में उपमुख्यमंत्री दोपहर लगभग तीन बजे पहुंचे। यहां उन्होंने कथा आयोजन की सराहना करते हुए आयोजक अवधेश द्विवेदी एवं परिजनों से मुलाकात की।
उपमुख्यमंत्री ने करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में समय दिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से भी भेंट कर क्षेत्र की कुशलक्षेम जानी। उनके आगमन से कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के उपरांत उपमुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हो गए।