अम्बेडकर नगर। थाना अहिरौली क्षेत्र अंतर्गत बुधवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान लोकापुर गांव निवासी 45 वर्षीय राम मूरत के रूप में हुई है। शव रामदास पट्टी मार्ग पर पाया गया, जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
जानकारी के अनुसार, राम मूरत पास ही एक दोना-पत्तल बनाने की मशीन पर कार्यरत थे और अक्सर वहीं रात्रि विश्राम भी करते थे। किंतु मंगलवार की रात वे वहां नहीं रुके और अपने घर लोकापुर लौटने के लिए निकले थे। बुधवार सुबह राहगीरों ने उनका शव रामदास पट्टी मार्ग पर देखा और इसकी सूचना अहिरौली पुलिस को दी।
सूचना पाकर थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
थाना अध्यक्ष त्रिपाठी ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।