Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरजलालपुर नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सभासदों का धरना, एस...

जलालपुर नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सभासदों का धरना, एस डी एम के आश्वासन पर समाप्त


जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर नगर पालिका परिषद में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मंगलवार को भाजपा नेताओं व सभासदों ने नगर पालिका परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने के चलते कई घंटों तक नगर पालिका का कार्यकाज पूरी तरह ठप रहा।

धरने की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता,क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह,तहसीलदार गरिमा भार्गव, कोतवाल संतोष कुमार सिंह एवं खंड विकास अधिकारी जलालपुर दिनेश राम मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे सभासदों से वार्ता की। इस दौरान सभासदों ने अपनी मांगों और आरोपों से संबंधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

धरने का नेतृत्व कर रहे सभासद प्रतिनिधि देवेश मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद जायसवाल, सभासद आशीष सोनी, अजीत निषाद सहित अन्य सभासदों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितताएं बरती जा रही हैं। सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि कड़ाके की ठंड के बावजूद वार्डों में अलाव नहीं जलाए जा रहे हैं तथा गीली लकड़ियों का वितरण किया गया है। इसके अलावा पूर्व में कराई गई जांचों के बावजूद दोषियों पर कोई कार्रवाई न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

बिना पूर्व सूचना के अचानक धरना शुरू होने से नगर पालिका कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी को लिखित रूप से अवगत कराया।

काफी देर तक चले धरने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। उप जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आश्वासन दिया कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, भ्रष्टाचार पर अंकुश तथा ठंड से राहत के लिए अलाव जलाने और लकड़ी वितरण की सत्यापन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन के स्पष्ट आश्वासन के बाद सभासदों ने शीघ्र कार्रवाई के भरोसे पर अपना धरना समाप्त कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments