अयोध्या। अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं से अवैध पार्किंग शुल्क वसूली को लेकर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण रानू ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने प्रशासन से इस प्रकरण में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस जन आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि अयोध्या एक विश्वविख्यात धार्मिक नगरी है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में नगर क्षेत्र में अवैध तरीके से ₹100 की एकमुश्त पार्किंग वसूली आम जनमानस पर आर्थिक बोझ डाल रही है, जो पूरी तरह अव्यवस्थित, जनविरोधी और अवैध है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि पार्किंग शुल्क को पारदर्शी व न्यायसंगत बनाया जाए। उन्होंने प्रशासन से मांग की है अवैध वसूली की तत्काल जांच कराई जाए।दोषियों पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। घंटे के अनुसार शुल्क निर्धारण लागू हो। सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क सूची का बोर्ड अनिवार्य किया जाए।
रानू ने कहा कि तीर्थयात्रियों की आस्था का सम्मान और आर्थिक शोषण से मुक्ति प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।