अयोध्या। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला मरीज की ईसीजी को लेकर तीमारदार और ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों के बीच विवाद हो गया। महिला स्टाफ के उपलब्ध न होने के कारण ईसीजी करने से इनकार किए जाने पर यह विवाद बढ़ गया और हंगामे का रूप ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी में उपचार के लिए लाई गई महिला मरीज का ईसीजी कराया जाना था। मौके पर मौजूद चिकित्सक और फार्मासिस्ट ने महिला स्टाफ न होने की स्थिति में जांच करने में असमर्थता जताई। इसी बात को लेकर महिला के साथ आए तीमारदार ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते नोकझोंक बढ़ गई, जिससे इमरजेंसी कक्ष में कुछ देर के लिए अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन तक पहुंचने पर अधीक्षक द्वारा तत्काल वार्ड से एक स्टाफ नर्स को इमरजेंसी भेजा गया, ताकि ईसीजी की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके। हालांकि, तब तक तीमारदार महिला मरीज को लेकर वहां से जा चुका था।
इस संबंध में जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही आवश्यक व्यवस्था की गई थी। वार्ड से स्टाफ नर्स को ईसीजी के लिए भेजा गया, लेकिन मरीज और तीमारदार उस समय मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।