जलालपुर अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने का मामला सामने आया है। भारतीय सेवा में तैनात व्यक्ति के नाम दर्ज बोलेरो वाहन का नंबर दूसरी गाड़ी पर लगाकर चलाए जाने की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला मालीपुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव का है। भारतीय सेवा में तैनात विजय यादव के पिता आशीष यादव ने मालीपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके पुत्र के नाम से एक सफेद बोलेरो वाहन पंजीकृत है। उन्हें पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली कि जौनपुर और आजमगढ़ जनपद में एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन उनके बोलेरो का नंबर लगाकर चलाया जा रहा है।
आशीष यादव ने आशंका जताई कि यदि उक्त वाहन से कोई दुर्घटना या आपराधिक घटना होती है तो इसका खामियाजा उन्हें और उनके पुत्र को भुगतना पड़ सकता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों वाहनों के नंबरों का मिलान कराया, जिसमें स्कॉर्पियो पर लगा नंबर फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मालीपुर थाना अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि जांच के दौरान स्कॉर्पियो वाहन पर लगा नंबर फर्जी पाया गया है। मामले में वाहन मालिक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।