अम्बेडकर नगर। अकबरपुर–अयोध्या मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की। पुरानी तहसील तिराहे से बैरमपुर तक चले अभियान में सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
इस दौरान बुलडोजरों की मदद से दुकानों के बाहर बने टीन शेड, नालियों के ऊपर किए गए पक्के निर्माण तथा सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ आए दिन लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से की गई है।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अकबरपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, तहसीलदार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
अभियान के चलते अकबरपुर–अयोध्या मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। तहसील तिराहे पर बैरिकेटिंग कर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था बनी रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर चौड़ा किया जाएगा, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।