जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने देवर पर कई बार दुष्कर्म करने तथा पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देवर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बलात्कार व दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। विवाहिता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि लगभग पांच वर्ष पूर्व उसका विवाह रमेश कुमार पुत्र स्व. वीरेंद्र कुमार निवासी शेखवलिया मंगुराडीला से हुआ था। विवाह के बाद से ही सास विमला व देवर बृजेश उस पर दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक अत्याचार करते रहे। पीड़िता का आरोप है कि देवर बृजेश ने कई बार उसकी मर्जी के खिलाफ मुंह दबाकर बलात्कार किया। विवाहिता ने यह भी कहा कि जब उसने पति से शिकायत की तो उसने कार्रवाई करने के बजाय भाई का पक्ष लिया। आरोप है कि एक सितंबर को भी देवर ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मोबाइल छीनकर आरोपी अपने परिजनों के साथ ननिहाल भाग गया। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।