अंबेडकर नगर। जिले के कटेहरी विकासखंड परिसर में उस समय माहौल गरमा गया जब सफाई कर्मियों ने खंड विकास अधिकारी हौसला प्रसाद के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सफाई कर्मियों का आरोप है कि 27 अगस्त को ब्लॉक परिसर में सफाई के दौरान खंड विकास अधिकारी ने उन्हें अपमानित करते हुए गाली-गलौज की और धमकाया।
जिलाध्यक्ष शिव कुमार मौर्या ने बताया कि उस दिन दर्जनों की संख्या में कर्मचारी परिसर की सफाई कर रहे थे, तभी अधिकारी द्वारा अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। सफाई कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले सरवन क्षेत्र में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान भी खंड विकास अधिकारी ने साफ-सफाई को लेकर उन्हें बेइज्जत किया था।
कर्मचारियों ने विकासखंड परिसर कटेहरी में एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि खंड विकास अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि अधिकारियों द्वारा बार-बार किया जा रहा दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मियों ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए कहा कि वे अपने सम्मान से समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने प्रशासन और शासन से मांग की है कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी कर्मचारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार न हो।