अयोध्या। संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी क्रियान्विति को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले के मंडलों में 7 मार्च से 14 अप्रैल तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 में कार्यशालाओं की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसकी रूपरेखा तय करने के लिए पार्टी कार्यालय सहादतगंज सभागार में जिला पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की संरचना, विषय-वस्तु और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि समय के अनुरूप संगठन को गतिशील और परिणामोन्मुख बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है। कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत और सरकार की उपलब्धियों की सम्यक जानकारी दी जाएगी, ताकि वे समाज के बीच तथ्यों के साथ संवाद स्थापित कर सकें। उन्होंने कहा कि सशक्त बूथ ही मजबूत संगठन की आधारशिला है और यह प्रशिक्षण उसी दिशा में निर्णायक कदम है।
जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि संगठन पर्व की प्रक्रिया के अंतर्गत सदस्यता और दायित्व निर्धारण के बाद अब प्रशिक्षण चरण प्रारंभ किया जा रहा है। प्रत्येक मंडल में सात विषय आधारित सत्र आयोजित होंगे, जिनमें संगठन की कार्यसंस्कृति, विस्तार योजना, डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग, सेवा गतिविधियां तथा आगामी चुनावी और सामाजिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि मंडल स्तर तक वैचारिक स्पष्टता और कार्यकुशलता बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रवासी कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी इन कार्यशालाओं में सक्रिय सहभागिता करेंगे, जिससे जिले में संगठन को नई गति और दिशा मिल सके।
मौके पर अवधेश पाण्डेय बादल, ओम प्रकाश सिंह, कमला शंकर पाण्डेय, राघवेन्द्र पाण्डेय, राधेश्याम त्यागी, मनोज वर्मा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।