अयोध्या। दीपोत्सव से पहले अयोध्या में धर्मपथ और सतरंगी पुल को सजाने-संवारने का काम जोरों पर है। रंग-बिरंगी लाइटिंग और आधुनिक थ्रीडी बोर्ड के माध्यम से मार्ग और पुल को आकर्षक बनाया जा रहा है। धर्मपथ पर दोनों ओर ‘अयोध्या धाम’ और ‘श्रीराम नगरी’ के बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करेंगे। सतरंगी पुल पर विशेष लाइटिंग और डिजाइन के साथ भव्य सजावट की जा रही है। यह पूरे क्षेत्र को रात में रोशन करने के साथ ही पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट का काम भी करेगा।
अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बताया कि सौंदर्यीकरण का कार्य दीपोत्सव से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इससे शहर का परिदृश्य और भव्य दिखाई देगा और आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव मिलेगा।
पर्यटकों के लिए नए बोर्ड और सजावट के माध्यम से अयोध्या की सांस्कृतिक और पौराणिक पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। दीपोत्सव के मौके पर यह सौंदर्यीकरण शहर में आकर्षण का केंद्र बनेगा और आने वाले लोगों के लिए विशेष अनुभव प्रस्तुत करेगा।