अयोध्या। शहर के ताराजी रिजॉर्ट में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन के नेतृत्व में महानगर एवं अयोध्या विधानसभा के संयोजन में साथी समागम व पीडीए प्रहरी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ने उपस्थित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को नए वर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए वर्ष 2027 में प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अयोध्या विधानसभा अध्यक्ष रक्षा राम यादव ने की, जबकि संचालन महानगर के नि. महासचिव हामिद जाफर मीसम ने किया। सम्मेलन के दौरान मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें जौहर कानपुर, बेलाल सहारनपुरी और जमुना उपाध्याय सहित अन्य कवियों व शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे पवन ने कहा कि वर्तमान सरकार में पीडीए समाज ही नहीं, बल्कि ब्राह्मण समाज भी स्वयं को अपमानित महसूस कर रहा है। उन्होंने अयोध्या में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे आमजन में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधी बेखौफ हैं।
श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा शासन में व्याप्त भ्रष्टाचार से सभी वर्ग परेशान हैं। अयोध्या विधानसभा अध्यक्ष रक्षा राम यादव ने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव में पूरी मेहनत और लगन से जुटने का आह्वान करते हुए अयोध्या की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य तय करने को कहा। मौके पर पारसनाथ यादव अब्बास अली जैदी रुश्दी, अनूप सिंह,हाजी फिरोज खा गब्बर,बलराम मौर्या, बख्तियार खान, तरजीत गौड़, गोपीनाथ वर्मा, दान बहादुर सिंह, मंसूर इलाही, अधिवक्ता शावेज जाफरी,सुनील रावत,अपर्णा जयसवाल , फहमीदा कुरैशी, सूरज वर्मा, राकेश पांडे, संजय सिंह, प्रवीण राठौर शक्ति जयसवाल, संजय चौधरी,अरौनी पासवान,पार्षद विशाल पाल सहित बडी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।