बसखारी अंबेडकर नगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बसखारी थाना परिसर में पीस कमेटी की एक बैठक उप जिलाधिकारी अरविंद त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं थानाध्यक्ष सुनील कुमार पाण्डेय के संचालन में संपन्न हुई। उप जिलाधिकारी ने सभी त्योहारों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार मनाने की अपील की। बिजली के खंभों पर धारा प्रवाह होने के कारण धार्मिक झंडों को लगाने से बचने, अनुमति के साथ धीमी आवाज में डीजे बजाने की अपील करते हुए सभी को शान्ति पूर्वक त्यौहार मनाने का निर्देश दिया। पुलिस ने जुलूस में युवाओं के ऊपर विशेष ध्यान रखने का भी निर्णय लिया। त्योहारों में नशे से दूर रहने की हिदायत देते हुए हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात भी की गई। त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व्यवस्था को चाकचौबंद रखने का भी निर्देश दिया गया। नवागत थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडे ने लोगों को जुलूस में शांत व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान मोहम्मद खलीक अशरफ, दिनेश गिरी, गोपालचंद स्वर्णकार,सैयद फैजान अशरफ, मोहम्मद याहिया, प्रधान डोडो आसिफ, अखंड प्रताप सिंह सहित कई अन्य दोनों समुदायों के लोग शामिल रहे।