जलालपुर अम्बेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत परुइय्या आश्रम कॉलेज के निकट गुरुवार दोपहर बाद एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक सवार छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गिर पड़े, जिनमें से दो को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक युवक सुरक्षित बच गया। टक्कर मारने के बाद चार पहिया वाहन मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टी बिशुनपुर गांव निवासी सिद्धांत तथा सेठा कला जलालपुर निवासी अयंक पुत्र अजीत अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान परुइय्या आश्रम स्थित पेट्रोल पंप से तेल भराकर निकल रहे एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायलों को नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों घायलों को जलालपुर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हुए हैं। तीसरे युवक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। इस संबंध में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक घटना को लेकर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।