अयोध्या। थाना रौनाही क्षेत्र में जहरखुरानी कर चार पहिया वाहन लूटने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, कई मोबाइल फोन और नशीली दवाएं बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज गुप्ता उर्फ लवकुश, सत्यम तिवारी उर्फ कल्लू, शक्ति सिंह उर्फ शाका और आदर्श सिंह उर्फ आकाश सिंह शामिल हैं, सभी सुलतानपुर जनपद के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 दिसंबर 2025 की है। सीतापुर जनपद के थाना अटरिया निवासी रायसेन गौतम ने सूचना दी थी कि उनके भाई अमरसेन गौतम की स्विफ्ट डिजायर कार को कैसरबाग, लखनऊ से अयोध्या के लिए बुक किया गया था। अमरसेन गौतम सवारी लेकर अयोध्या आ रहे थे, इसी दौरान गाड़ी में सवार लोगों ने चालक को कॉफी में नशीला पदार्थ पिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी चालक को थाना रौनाही क्षेत्र के बेगमगंज मोड़ के पास उतारकर उसकी कार और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी ग्रामीण बलबंत कुमार चौधरी ने बताया कि चोरी के मोबाइल व सिम के माध्यम से एप के जरिए गाडी बुक की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार, सात मोबाइल फोन और लोरेजापैम टैबलेट की गोलियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।