जलालपुर, अम्बेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान अधिशासी अधिकारी के उठकर चले जाने से नेताओं में रोष व्याप्त हो गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद श्रीवास्तव, संजीव कुमार मिश्र, नगर महामंत्री आनंद मिश्र, नगर उपाध्यक्ष अरुण मिश्र एवं दीपचंद सोनी मौजूद रहे।
विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि कृष्ण गोपाल गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण सहित अन्य कार्यों में करीब 40 प्रतिशत कमीशन लेकर निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानकों को दरकिनार कर घटिया गुणवत्ता की इंटरलॉकिंग ईंटों का उपयोग हो रहा है और आईएसआई मार्का ईंटें नहीं लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि प्रति ईंट लगभग दो रुपये अतिरिक्त कमीशन लिया जा रहा है, जिससे लाखों रुपये की अवैध वसूली हो रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गृह कर सर्वे के लिए पूर्व में चयनित कंपनी का 2 लाख 31 हजार रुपये का भुगतान लंबित होने के बावजूद अनुचित लाभ के उद्देश्य से नई सॉफ्टवेयर प्रदाता कंपनी को करीब 20 लाख रुपये का ठेका दे दिया गया। आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष अपने चहेते लोगों से कोटेशन के माध्यम से निर्माण व सप्लाई का कार्य कराकर अनुचित लाभ ले रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर किसान देवेश मिश्र, विकास निषाद, विक्की गौतम सहित कई लोग उपस्थित रहे।