जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन को दूल्हे के दिव्यांग होने की जानकारी मिली। इस बात से नाराज दुल्हन ने शादी से साफ इंकार कर दिया और मामला सीधे कोतवाली पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पिता ने अपनी पुत्री का विवाह जौनपुर जनपद के थाना शाहगंज क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी सचिन पुत्र शब्द के साथ तय किया था। रविवार की शाम दूल्हा धूमधाम से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। द्वारपूजा की रस्में पूरी होने के बाद विवाह की अन्य रस्में भी शुरू हो गईं और सिंदूरदान की रस्म भी संपन्न हो गई।
बताया जाता है कि इसके बाद जब अन्य रस्में चल रही थीं, तभी दुल्हन को जानकारी हुई कि दूल्हा दिव्यांग है। यह बात पहले उससे छिपाई गई थी। जानकारी मिलते ही दुल्हन ने नाराजगी जताते हुए शादी करने से मना कर दिया। दुल्हन के इस निर्णय से दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति पैदा हो गई और मामला जलालपुर कोतवाली पहुंच गया।
सोमवार को दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे, जहां काफी देर तक पंचायत और बातचीत का दौर चलता रहा। इस दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे और शादी में हुए लेनदेन तथा जेवरात को लेकर भी विवाद हुआ। काफी देर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है और मामला समाप्त कर दिया गया है।