अंबेडकर नगर। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। सलामी ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने पुलिस बल को दौड़ कराई तथा टोलीवार परेड ड्रिल का निरीक्षण करते हुए जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों का निरीक्षण किया और हेड लाइट, हूटर, इंडिकेटर, फर्स्ट एड किट समेत सभी आवश्यक उपकरण मानक के अनुसार रखने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड व शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रशिक्षणरत आरक्षी रंगरूटों का निरीक्षण कर उन्हें परेड व प्रशिक्षण संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
साप्ताहिक परेड के उपरांत एसपी ने पुलिस लाइन आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों व अभिलेखों की जांच की तथा उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों की कैंटीन, मेस, सैलून, क्लास रूम और बैरक का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।