जलालपुर अम्बेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पत्नी द्वारा थाने में शिकायत किए जाने के बाद घर लौटे पति ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह दर्दनाक घटना जैतपुर के प्रधान पुरवा की है, जहां 48 वर्षीय हरिश्चंद्र पुत्र स्व. रामकिशोर अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। गुरुवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी ने थाने पहुंचकर पति की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर समझौता कराया और घर भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, रात में हरिश्चंद्र ने अपने घर के सामने नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव लटकता देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक हरिश्चंद्र ट्रक चालक था और परिवार की जीविका उसी से चलती थी। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। माता-पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है, जिससे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी।
थानाध्यक्ष वंदना अग्रहरि ने बताया कि थाने पर हरिश्चंद्र व उसकी पत्नी को शांतिपूर्वक समझा-बुझाकर घर भेजा गया था। पुलिस द्वारा किसी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।