जलालपुर अम्बेडकर नगर। बसखारी मार्ग पर पुल के निकट सड़क पुख्ता की जमीन पर बने अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल एवं पीएसी की मौजूदगी में शेष बचे अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।
गौरतलब है कि मंगलवार को जब प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही शुरू की गई थी, तो मौके पर पहुंचे भाजपा के कुछ नेताओं ने इसका विरोध करते हुए जमीन की दोबारा पैमाइश कराए जाने की मांग की थी। विरोध के चलते कार्रवाई को रोक दिया गया था। लेकिन बुधवार को प्रशासन ने दोबारा मोर्चा संभाला और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच अभियान को अंजाम दिया गया।
इस दौरान मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाल संतोष कुमार सिंह, जैतपुर थाना अध्यक्ष वंदना अग्रहरि सहित भारी संख्या में पुलिस बल व पीएसी के जवान मौजूद रहे। जहां एक दिन पहले भाजपा नेताओं ने जोरदार विरोध किया था, वहीं बुधवार को कार्रवाई के दौरान कोई भी नेता मौके पर नहीं दिखा। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में साफ संदेश गया है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।