Thursday, August 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचीनी के दाम पर प्रशासन की नजर, तीन दिन में 169 रुपये...

चीनी के दाम पर प्रशासन की नजर, तीन दिन में 169 रुपये प्रति कुंतल की गिरावट


अयोध्या । जिले में चीनी के दाम, उपलब्ध स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था पर जिला प्रशासन की निगरानी का असर बाजार में दिखाई देने लगा है। चीनी मिलों और संबंधित व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जारी दिशा-निर्देशों के बाद तीन दिनों में चीनी के थोक भाव में 169 रुपये प्रति कुंतल की कमी दर्ज की गई है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 24 अगस्त को चीनी का प्रचलित थोक भाव 6,369 रुपये प्रति कुंतल था। 27 अगस्त को यह घटकर 6,200 रुपये प्रति कुंतल रह गया। इस तरह तीन दिनों में थोक मूल्य में करीब 2.65 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है।


दोनों चीनी मिलों में 4.30 लाख कुंतल से अधिक स्टॉक


प्रशासन की ओर से जिले में संचालित दोनों चीनी मिलों के स्टॉक पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। 24 अगस्त को दोनों मिलों में चीनी का कुल स्टॉक 4,56,858 कुंतल था, जो 27 अगस्त को घटकर 4,30,370 कुंतल रह गया।

वर्तमान में के.एम. शुगर मिल अयोध्या के पास 2,64,548 कुंतल, जबकि बलरामपुर चीनी मिल लिमिटेड की रोजागांव यूनिट के पास 1,65,822 कुंतल चीनी उपलब्ध है।


फुटकर भाव 65 रुपये किलो


प्रशासन के अनुसार 27 अगस्त को बाजार में चीनी का फुटकर भाव 65 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। थोक और फुटकर दोनों स्तरों पर कीमतों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर चीनी उपलब्ध हो और बाजार में अनावश्यक मूल्य वृद्धि न हो।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि चीनी मिलों के स्टॉक और बिक्री दरों की लगातार समीक्षा की जा रही है। यदि बाजार में अनावश्यक मूल्य वृद्धि अथवा उचित बाजार व्यवस्था के विपरीत स्थिति सामने आती है तो नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को चीनी की उपलब्धता, स्टॉक और बाजार भाव की नियमित निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के साथ उपभोक्ताओं को उचित और स्थिर मूल्य पर चीनी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments