अयोध्या। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) पर भाजपा विधायक रामचन्दर यादव की शिकायत के बाद शासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो एक सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
शासन के विशेष सचिव आर्यका अखौरी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विधायक रामचन्दर यादव ने अपनी शिकायत में सीएमओ पर विभागीय कर्मचारियों, अधिकारियों, आशा बहुओं और निजी नर्सिंग होम संचालकों के उत्पीड़न सहित कई अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि सीएमओ द्वारा मनमाने ढंग से कार्य किया जा रहा है जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। शासन द्वारा गठित जांच समिति में निदेशक पैरामेडिकल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, अपर निदेशक कार्मिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं तथा अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अयोध्या मंडल को शामिल किया गया है।