अम्बेडकर नगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के गोपालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। देहरादून जाने वाली तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विनय राजभर 24 पुत्र राधेश्याम राजभर, निवासी गोरा बसंतपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनय किसी काम से रेलवे क्रॉसिंग के पास गया था। इसी दौरान अचानक देहरादून ट्रेन आ गई। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि विनय को संभलने का मौका नहीं मिला और वह उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अहिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।