अम्बेडकर नगर। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ कार्यक्रम के तहत नौ दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने नौ वर्षों में विकास का नया कीर्तिमान स्थापित किया है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर व मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने किया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी सुशासन के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखा है। प्रदेश आज भयमुक्त और निवेश के लिए अनुकूल माहौल वाला राज्य बन चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया गया है और सभी 75 जिलों में साइबर क्राइम थाने स्थापित किए गए हैं। प्रदेश पुलिस में 44 हजार से अधिक महिलाएं तैनात हैं, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण हैं।
कार्यक्रम में जनपद व प्रदेश के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र व प्रतीकात्मक चाभी वितरित की गई।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना विभाग व अन्य विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ किया और अधिकारियों के साथ स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।