Sunday, March 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमगुराडिला गांव में पागल कुत्ते का आतंक, 16 लोग घायल

मगुराडिला गांव में पागल कुत्ते का आतंक, 16 लोग घायल


जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के मगुराडिला गांव में एक पागल कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरी रात गांव दहशत में डूबा रहा। मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक गांव के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे पागल कुत्ते ने सोते-जागते लोगों पर हमला कर 16 ग्रामीणों को घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की तत्परता से सभी घायलों को समय पर इलाज मिल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पागल कुत्ता मंगलवार रात लगभग 10 बजे गांव में दिखाई दिया और इसके बाद वह सुबह करीब 8 बजे तक गांव में इधर-उधर घूमता रहा। इस दौरान कुत्ते ने कई लोगों को सोते समय काट लिया, जबकि कुछ ग्रामीणों पर अचानक पीछे से हमला कर दिया। कुत्ते के हमलों से गांव के लोग सहमे रहे और कई घंटों तक घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

हमले में गुजराती, कन्हैयालाल, अजय, काजल को सोते समय काट लिया गया। वहीं राम अजोर अलाव के पास बैठे थे, तभी पीछे से आए कुत्ते ने उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके अलावा सुभाष, किरण, संगीता, बाथरूम जा रही संगीता, उमेश कुमार, राधिका, आंचल, प्रिंस और नदीश समेत कुल 16 लोग कुत्ते के हमले में घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने तत्काल एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों को रेबीज के इंजेक्शन लगाए। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंटी-रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन इंजेक्शन भी दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को घर भेज दिया गया।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर के अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि सभी घायलों का समय पर इलाज कर दिया गया है और फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में रेबीज के पर्याप्त इंजेक्शन उपलब्ध हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments