जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित रामलीला मैदान में लगी प्रदर्शनी में मंगलवार दोपहर खरीदारी करने पहुंची एक महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गई। भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात अधेड़ महिला उसके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गई। पर्स में दो हजार रुपये नगद के अलावा लगभग 25 हजार रुपये कीमत के जेवर मौजूद थे।
घटना अशरफपुर निवासी प्रमिला देवी के साथ दोपहर करीब 12 बजे हुई। वह प्रदर्शनी में एक दुकान से स्वेटर खरीद रही थीं, तभी अचानक एक टप्पेबाज महिला उनके हाथ से पर्स झपटकर भीड़ में गायब हो गई। पीड़िता के अनुसार पर्स में नकदी के अलावा सोने का एक लॉकेट भी था। भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी महिला आसानी से निकल भागी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी कोतवाल जैद अहमद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपी महिला की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।